छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: नाज़िया दानिश

दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं।

नाज़िया दानिश ने कहा कि युवा दिन-रात मेहनत करते हैं, कई छात्र कर्ज़ लेकर परीक्षा देने जाते हैं, लेकिन उन्हें बदले में पेपर लीक और अनियमितताओं का सामना करना पड़ता है। एक-एक भर्ती प्रक्रिया में चार से पांच वर्ष लग जाते हैं, जिससे युवाओं का बहुमूल्य समय और आयु दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब निराश और हताश छात्र अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो उनकी आवाज़ सुनने के बजाय उन पर लाठियां चलाई जाती हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि छात्रों का आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने भविष्य को बचाने के लिए है। सरकार को युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके।