नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को अब गति मिलने लगी है। शनिवार को सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 17 स्पेशल एजुकेटर भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

समारोह में महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, सदन के नेता जय भगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष मनीष चड्ढा, निगम आयुक्त संजीव खिरवार और अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) पंकज नरेश अग्रवाल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मानव संसाधन मजबूत होगा तो नागरिक सेवाएं भी होंगी बेहतर-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को गति देना निगम को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम सीधे तौर पर दिल्लीवासियों की रोजमर्रा की जरूरतों और नागरिक सुविधाओं से जुड़ा है। ऐसे में पर्याप्त और सक्षम मानव संसाधन के बिना प्रभावी सेवाएं देना संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम को आधुनिक तकनीक, मजबूत आधारभूत ढांचे, पर्याप्त मानव संसाधन और आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराकर उसकी कार्यक्षमता बढ़ाने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। निगम जितना मजबूत होगा, दिल्ली के नागरिकों को उतनी ही बेहतर, तेज और समयबद्ध सेवाएं मिलेंगी।
187 नियुक्तियों से 187 परिवारों को मिला सहारा
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि 187 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलना केवल रोजगार मिलने का अवसर नहीं है, बल्कि 187 परिवारों के जीवन में नई उम्मीद, स्थायित्व और आत्मविश्वास का संचार है। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिला नियुक्ति पत्र उनके लिए रोजगार के साथ सम्मान, सुरक्षा और भविष्य की नई शुरुआत का आधार बनेगा।

महापौर ने बताया कि 49 नियुक्तियों में 31 महिलाएं शामिल हैं, जो नारी सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि निगम में 268 अन्य नियुक्तियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है, जबकि 168 पदों के लिए डीएसएसएसबी को अधियाचन भेजे जा चुके हैं।
92 एमटीएस को अनुकंपा नियुक्ति
महापौर ने बताया कि 92 एमटीएस कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों के लिए केवल रोजगार नहीं, बल्कि निगम की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का मजबूत सहारा हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों के सम्मान, कल्याण और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है। अगले सप्ताह एमटीएस कर्मचारियों के लिए समान वेतन संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
स्कूलों के बच्चों की सेहत पर रहेगी डिजिटल निगरानी
मुख्यमंत्री ने निगम विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल लॉन्च करते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकता है।
निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि निगम अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं नई तकनीकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल बच्चों के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।नौकरी नहीं, जनसेवा की जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि निगम की सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि दिल्ली के नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिस पद की जिम्मेदारी कर्मचारी संभालने जा रहे हैं, वहां उनका सबसे बड़ा ध्येय जनता की सेवा होना चाहिए। ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया गया कार्य ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
