लक्ष्मी योजना के बहिष्कार पर ‘आप’ के 22 विधायकों के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल

घर से विधानसभा तक घेरा, भाजपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन; मोहनलाल गिहारा के संयोजन में राजधानी में एक साथ चला विरोध अभियान

नई दिल्ली, 10 अगस्त। दिल्ली की महिलाओं के लिए शुरू की गई दिल्ली लक्ष्मी योजना के मुद्दे पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विधानसभा में योजना के कथित बहिष्कार को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को आप के सभी 22 विधायकों के घरों और कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की रणनीति के तहत आयोजित इस अभियान का संयोजन प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने किया।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली योजना का विरोध कर आप विधायक दिल्ली की महिलाओं के हितों के खिलाफ खड़े हो रहे हैं। दिल्ली लक्ष्मी योजना में पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता देने का प्रावधान है और 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

आतिशी के आवास पर भाजपा का तीखा प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष एवं कालकाजी विधायक आतिशी मार्लेना के निवास पर दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह, मंत्री नरेश वशिष्ठ और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।भाजपा नेताओं ने आतिशी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह लंबे समय से विधानसभा में सक्रिय नहीं हैं और उनकी पार्टी ने महिला हितों से जुड़ी योजना का विरोध किया। योगिता सिंह, रमेश बिधूड़ी और नरेश वशिष्ठ ने सवाल उठाया कि एक महिला नेता होने के बावजूद आतिशी ने अपनी पार्टी को दिल्ली लक्ष्मी योजना के विरोध से क्यों नहीं रोका।

22 विधायकों के खिलाफ अलग-अलग मोर्चे

कोंडली: विधायक कुलदीप के कार्यालय पर मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेंद्र धामा और प्रदेश उपाध्यक्ष ऋचा पांडेय के नेतृत्व में प्रदर्शन।सीलमपुर: चौधरी जुबैर अहमद के खिलाफ प्रदेश मंत्री गौरव खारी के नेतृत्व में प्रदर्शन, जिसमें सत्या शर्मा और अनिल गौड़ समेत कार्यकर्ता शामिल हुए।सीमापुरी: विधायक वीर सिंह धिंगन के खिलाफ भाजपा उपाध्यक्ष सारिका जैन के नेतृत्व में विरोध।बाबरपुर: गोपाल राय के खिलाफ मंत्री राज गौतम के नेतृत्व में प्रदर्शन।करोलबाग: विशेष रवि के खिलाफ प्रदेश उपाध्यक्ष सोना कुमारी और पार्षद मनीष चड्ढा के नेतृत्व में प्रदर्शन।देवली: प्रेम चौहान के कार्यालय पर युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी और जिलाध्यक्ष माया सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदर्शन।तुगलकाबाद: सहीराम पहलवान के कार्यालय पर पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में प्रदर्शन।चांदनी चौक: पुनरदीप सिंह साहनी के कार्यालय-निवास के बाहर राजन तिवारी और सतीश जैन के नेतृत्व में विरोध।गोकुलपुरी: सुरेंद्र कुमार के कार्यालय पर अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीस अब्बासी के नेतृत्व में प्रदर्शन।पटेल नगर: प्रवेश रत्न के खिलाफ पूर्व विधायक राजकुमार आनंद और महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन।अंबेडकर नगर: अजय दत्त के कार्यालय पर सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में विरोध।तिलक नगर: जरनैल सिंह के खिलाफ विजय सोलंकी, निगम पार्षद श्वेता सैनी और हरीश ओबेरॉय के नेतृत्व में प्रदर्शन।सदर: सोमदत्त के खिलाफ भाजपा मंत्री अभिषेक टंडन और पार्षद मनोज जिंदल के नेतृत्व में विरोध।बल्लीमारान: इमरान हुसैन के खिलाफ मंत्री रोहित चहल और पार्षद कमल बागड़ी के नेतृत्व में प्रदर्शन।मटिया महल: आले मोहम्मद के खिलाफ हौज काजी चौक पर दीप्ति इंदोरा और अमित गुप्ता के नेतृत्व में विरोधसुल्तानपुरी: मुकेश अहलावत के खिलाफ किसान मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में प्रदर्शन।दिल्ली कैंट: वीरेंद्र कादयान के खिलाफ करोलबाग जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर और भाजपा नेता भुवनेश तंवर के नेतृत्व में प्रदर्शन। एससी मोर्चा अध्यक्ष लाजपत राय और दिल्ली कैंट सदस्य राजेश गुप्ता भी शामिल हुए।बुराड़ी: संजीव झा के खिलाफ सत्यनारायण गौतम के नेतृत्व में महिला प्रदर्शन हुआ, जिसमें स्थानीय निगम पार्षद भी शामिल हुए।बदरपुर: राम सिंह नेताजी के खिलाफ प्रदेश मंत्री कृष्णदेव सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन।किराड़ी: अनिल झा के खिलाफ पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनय रावत के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन।ओखला: अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। पार्षद नीतू चौधरी और मंडल अध्यक्ष भी शामिल हुए।भाजपा का सीधा सवाल—महिलाओं के ₹2,500 से आप को आपत्ति क्यों?भाजपा ने आप पर राजनीतिक विरोध के लिए महिला हितों की योजना को निशाना बनाने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देना है और सरकार के अनुसार इससे बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह दिल्ली की महिलाओं को मिलने वाले इस आर्थिक लाभ के मुद्दे को राजनीतिक लड़ाई के केंद्र में रखेगी और आप विधायकों से सवाल पूछेगी कि यदि योजना का विरोध है तो उसके पीछे उनका तर्क क्या है।