टोक्यो, न्यूयॉर्क और बार्सिलोना के मॉडल पर एमसीडी ने किया मंथन

दिल्ली के कचरा प्रबंधन पर विश्व बैंक की नजर

नई दिल्ली, 29 अगस्त। दिल्ली में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने विश्व बैंक के विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में टोक्यो, न्यूयॉर्क और बार्सिलोना के कचरा प्रबंधन मॉडल की प्रस्तुति दी गई।

टोक्यो के वेस्ट-टू-एनर्जी मॉडल, न्यूयॉर्क में निजी एजेंसियों की भागीदारी और बार्सिलोना के विकेंद्रीकृत एवं व्यवहार परिवर्तन आधारित मॉडल पर चर्चा हुई। दिल्ली के लिए ऐसे रणनीतिक विकल्पों पर विचार किया गया, जिनसे कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण बेहतर हो सके।

आयुक्त ने कहा कि दिल्ली के लिए समयबद्ध, व्यापक और टिकाऊ कचरा प्रबंधन रणनीति जरूरी है। इसमें तकनीक, बेहतर योजना और नागरिकों की भागीदारी के साथ कचरे से अधिकतम संसाधन प्राप्त करने पर जोर दिया जाएगा।