CNG के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने दिल्लीवालों की जेब पर डाला बोझ : नाज़िया दानिश
कांग्रेस ने पूछा—जब दूसरे राज्यों में कीमतें नहीं बढ़ीं तो दिल्ली की जनता पर ही ₹3.89 प्रति किलो की मार क्यों?
नई दिल्ली। दिल्ली में सीएनजी के दाम ₹3.89 प्रति किलो बढ़ाकर ₹86.98 प्रति किलो किए जाने के विरोध में कांग्रेस दल की नेता एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले ही जूझ रही दिल्ली की जनता पर सीएनजी के दाम बढ़ाकर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना सीधे तौर पर जनविरोधी फैसला है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि जब देश के दूसरे राज्यों में सीएनजी के दामों में ऐसी बढ़ोतरी नहीं हुई, तो दिल्ली की जनता को ही महंगी सीएनजी का बोझ क्यों उठाना पड़ रहा है? उन्होंने कहा कि सरकार को इस बढ़ोतरी के पीछे की वजह दिल्ली की जनता के सामने स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सीएनजी के दाम बढ़ने का सबसे सीधा असर ऑटो-टैक्सी चालकों, मध्यम वर्ग और रोजाना सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाले लाखों यात्रियों पर पड़ेगा। ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी और इसका असर रोजमर्रा की दूसरी वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय दिल्ली में सीएनजी आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का मकसद प्रदूषण कम करने के साथ-साथ आम जनता को सस्ता और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना था। लेकिन आज लगातार बढ़ते सीएनजी दाम उस जनहित की भावना पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए, सार्वजनिक परिवहन के किराये को नियंत्रण में रखा जाए और दिल्ली की जनता को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
नाज़िया दानिश के सवाल
दूसरे राज्यों में दाम नहीं बढ़े तो दिल्ली में ही बढ़ोतरी क्यों?
महंगाई की मार झेल रही जनता को और कितना बोझ उठाना पड़ेगा?
ऑटो-टैक्सी चालकों और मध्यम वर्ग की चिंता कौन करेगा?
सीएनजी महंगी होने का फायदा किसे और नुकसान किसे?
