कूड़े पर मेयर प्रवेश वाही का ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन, साउथ ईस्ट जोन में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

विजय कैंप से लाजपत नगर, सेंट्रल मार्केट, निजामुद्दीन FCTS और मेहरचंद मार्केट तक निरीक्षण; अधिकारियों को समयबद्ध कचरा उठान और प्रभावी निस्तारण के सख्त निर्देश

नई दिल्ली, 31 अगस्त। दिल्ली को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के अभियान को गति देते हुए दिल्ली की मेयर प्रवेश वाही ने सोमवार को साउथ ईस्ट जोन के विभिन्न इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। मेयर ने विजय कैंप, लाजपत नगर, सेंट्रल मार्केट, निजामुद्दीन FCTS तथा मेहरचंद मार्केट के सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट समेत कई स्थानों पर पहुंचकर जमीनी स्तर पर सफाई और कचरा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मेयर प्रवेश वाही ने मौके पर ही अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की जानकारी ली और जहां भी कमियां दिखाई दीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरे का समय पर उठान, नियमित सफाई और कचरे का प्रभावी निस्तारण निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कचरा संग्रहण केंद्रों और सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट पर कचरे का अनावश्यक जमाव न होने दिया जाए। बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी हो तथा शिकायत सामने आने पर उसके समाधान में अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ केवल अभियान नहीं, बल्कि दिल्ली को स्वच्छ रखने का जमीनी संकल्प है। जहां कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधार और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान साउथ ईस्ट जोन की अध्यक्ष नीतू चौधरी, स्थानीय पार्षद अर्जुन मारवाह, निगम आयुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त डॉ. सचिन गुप्ता सहित वरिष्ठ निगम अधिकारी मौजूद रहे।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के साथ-साथ कचरा उठान और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को साफ-सुथरा और स्वस्थ वातावरण मिल सके।