मोदी-रेखा सरकार का ‘मातृशक्ति’ मिशन तेज, आर.के. पुरम में घर-घर पहुंच रही ‘दिल्ली लक्ष्मी’ की गारंटी!

सेक्टर-5 में खुला ‘दिल्ली लक्ष्मी’ का सहायता केंद्र, धर्मवीर सिंह बोले—आर.के. पुरम की एक भी पात्र माता-बहन लाभ से वंचित नहीं रहेगी

नई दिल्ली, 31 अगस्त।दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर किए गए संकल्प अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शुरू की गई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को लेकर आर.के. पुरम विधानसभा में भाजपा ने अभियान को तेज कर दिया है।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इस योजना को लेकर आर.के. पुरम में स्थानीय भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों ने आवेदन प्रक्रिया को घर-घर तक पहुंचाने का मोर्चा संभाल लिया है।

आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा के नेतृत्व में सेक्टर-5, गेट नंबर-2 स्थित विधायक कार्यालय एवं निगम पार्षद कार्यालय पर पात्र माताओं और बहनों के आवेदन लगातार भरे जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में सहायता देने के साथ आवेदन पत्रों को विधायक के हस्ताक्षर के बाद लाभार्थियों को वितरित किया जा रहा है।

‘घोषणा नहीं, लाभ पहुंचाने की राजनीति’

भाजपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली की महिलाओं से किए गए वादे अब कागजों तक सीमित नहीं हैं। आवेदन प्रक्रिया को स्थानीय स्तर पर सरल बनाकर सरकार की योजना को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

दक्षिण जोन के चेयरमैन एवं आर.के. पुरम वार्ड-152 के निगम पार्षद धर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थी तक उसका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की किसी भी पात्र महिला को जानकारी या आवेदन प्रक्रिया की परेशानी के कारण योजना से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला कदम है। आर.के. पुरम में अभियान लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

विपक्ष के आरोपों के बीच भाजपा का जमीनी जवाब

दिल्ली की राजनीति में महिला वोट बैंक लंबे समय से निर्णायक भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में भाजपा सरकार की इस योजना को लेकर विधानसभा स्तर पर शुरू हुआ अभियान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेताओं का जोर इस बात पर है कि सरकार के वादे अब आवेदन, सत्यापन और सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता की प्रक्रिया में बदल रहे हैं।

आर.के. पुरम में विधायक कार्यालय और निगम पार्षद कार्यालय को योजना संबंधी सहायता का केंद्र बनाकर भाजपा ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिला सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने क्षेत्र की पात्र महिलाओं से अपील की कि वे योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करे।