नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में वर्ष 2026-27 के लिए महत्वपूर्ण समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का ऐलान कर दिया गया है। समितियों के गठन में भाजपा का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। शिक्षा से लेकर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, तहबाजारी, महिला एवं बाल विकास, अनुसूचित जाति कल्याण और संपत्ति कर जैसे सीधे जनता से जुड़े विषयों की कमान तय हो गई है।
इस पूरे बंटवारे में दो नाम खास तौर पर महत्वपूर्ण हैं—योगेश वर्मा और नीता बिष्ट। वार्ड 64 के भाजपा पार्षद योगेश वर्मा को शिक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वार्ड 247 की नीता बिष्ट को एंटी-मलेरिया उपाय समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है। शिक्षा और स्वास्थ्य—दोनों ही निगम के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में आते हैं।
शिक्षा की कमान योगेश वर्मा के हाथ
एमसीडी की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की जिम्मेदारी अब योगेश वर्मा के नेतृत्व वाली शिक्षा समिति के पास होगी। उनके साथ वार्ड 127 के भाजपा पार्षद अमित खरखरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। यानी शिक्षा समिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा के पास हैं।
स्कूलों की व्यवस्थाओं, निगम विद्यालयों की स्थिति और शिक्षा से जुड़े नीतिगत मुद्दों को लेकर अब समिति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। योगेश वर्मा के सामने शिक्षा समिति को सिर्फ बैठकों तक सीमित रखने के बजाय जमीनी स्तर पर परिणाम देने की चुनौती होगी।
डेंगू-मलेरिया के खिलाफ नीता बिष्ट की अग्निपरीक्षा
दूसरी ओर, मानसून के बीच एंटी-मलेरिया उपाय समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट के सामने दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की बड़ी जिम्मेदारी होगी। वार्ड 247 की पार्षद नीता बिष्ट के साथ वार्ड 180 की मंजू देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
डेंगू-मलेरिया का सीजन होने के कारण इस समिति पर सबसे अधिक निगाहें रहेंगी। फॉगिंग, मच्छर प्रजनन स्थलों की रोकथाम और निगम के एंटी-मलेरिया अभियानों की निगरानी जैसे मुद्दे समिति के लिए अहम होंगे। ऐसे में नीता बिष्ट की अध्यक्षता वाली समिति की सक्रियता सीधे दिल्ली की जनता से जुड़ने वाली है।
तहबाजारी और लाइसेंसिंग की भी कमान तय
लाइसेंसिंग एवं तहबाजारी समिति की अध्यक्षता रितेश सूजी (वार्ड 224) को और उपाध्यक्ष पद शिखा भारद्वाज (वार्ड 58) को मिला है। यह समिति निगम के लाइसेंसिंग और तहबाजारी से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेम्यूनरेटिव प्रोजेक्ट समिति की अध्यक्ष नीलम (वार्ड 214) तथा उपाध्यक्ष अजय रवि हंस (वार्ड 61) होंगे। सामुदायिक सेवा समिति के अध्यक्ष सुमन कुमार गुप्ता (वार्ड 74) और उपाध्यक्ष बोबी (वार्ड 43) होंगी।
एससी कल्याण और महिला-बाल विकास पर भी निगाह
अनुसूचित जाति कल्याण समिति की अध्यक्षता विकास (वार्ड 73) और उपाध्यक्ष पद ममता (वार्ड 177) को दिया गया है। वहीं महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष रेखा रानी (वार्ड 230) तथा उपाध्यक्ष नीला कुमारी (वार्ड 38) होंगी।
शिकायत निवारण समिति की अध्यक्ष रितु गोयल (वार्ड 52) और उपाध्यक्ष राजेश कुमार लाड़ी (वार्ड 99) होंगे।
प्रॉपर्टी टैक्स और लेखा पर सत्य शर्मा की पकड़
निगम के राजस्व और वित्तीय मामलों से जुड़ी दोनों महत्वपूर्ण समितियों में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्य शर्मा की भूमिका मजबूत हुई है। हाई पावर्ड प्रॉपर्टी टैक्स समिति की पदेन अध्यक्ष सत्य शर्मा होंगी और रेनू चौधरी (वार्ड 197) उपाध्यक्ष होंगी।इसके अलावा नगरपालिका लेखा समिति की अध्यक्षता भी सत्या शर्मा को पदेन अध्यक्ष के रूप में दी गई है।
अब असली परीक्षा कामकाज की
समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष तय होने के बाद अब निगाहें इनके कामकाज पर होंगी। खासकर योगेश वर्मा के नेतृत्व वाली शिक्षा समिति और नीता बिष्ट की अध्यक्षता वाली एंटी-मलेरिया समिति से जनता को तेजी से फैसलों और जमीनी कार्रवाई की उम्मीद रहेगी। राजनीतिक तौर पर भी इन समितियों का सक्रिय होना निगम में सत्ता और विपक्ष के बीच नई बहस का आधार बन सकता है।
