दक्षिण जोन में धर्मवीर का ‘जनता दरबार’, समस्याओं पर अफसरों को फटकार!

चेयरमैन बनते ही एक्शन मोड में धर्मवीर सिंह—ग्रीन पार्क कार्यालय में क्षेत्रवासियों की शिकायतें सुनीं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश

नई दिल्ली, 3 सितंबर। दक्षिण जोन की कमान संभालते ही निगम पार्षद एवं नवनियुक्त चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। गुरुवार को ग्रीन पार्क स्थित कार्यालय में उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से सीधा संवाद किया और एक-एक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। शिकायतें सुनने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

धर्मवीर सिंह ने साफ किया कि जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। जनता की समस्या का शीघ्र और प्रभावी समाधान ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों से जुड़ी शिकायतों को टालने के बजाय उनका निर्धारित समय में समाधान किया जाए।

चेयरमैन की नई कार्यशैली में जनसंवाद पर जोर

दक्षिण जोन के चेयरमैन बनने के बाद धर्मवीर सिंह लगातार क्षेत्रवासियों के संपर्क में हैं। ग्रीन पार्क कार्यालय में पहुंचे नागरिकों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने जनता की बात सीधे सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम के संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा। उनका लक्ष्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान जमीन पर दिखाई देना है।

‘विश्वास को जिम्मेदारी में बदलूंगा’

धर्मवीर सिंह ने दक्षिण जोन के चेयरमैन के रूप में क्षेत्रवासियों से मिल रहे स्नेह, विश्वास, शुभकामनाओं और आशीर्वाद के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास उनके लिए प्रेरणा भी है और बड़ी जिम्मेदारी भी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और प्रत्येक नागरिक की समस्या के समाधान के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर काम करते रहेंगे।

धर्मवीर सिंह वर्तमान में दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम के चेयरमैन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (दक्षिण) के सह-अध्यक्ष, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के उपाध्यक्ष तथा आर.के. पुरम वार्ड-152 के निगम पार्षद हैं।