नई दिल्ली। शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग की ओर से निगम शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन शनिवार, 5 सितंबर को किया जाएगा। इसी अवसर पर ‘नई दिशा, नई उड़ान’ कार्यक्रम के अंतर्गत निगम विद्यालयों में एमसीडी मिनी लीग तथा ‘प्रतिभागिता’ कार्यक्रम की भी औपचारिक घोषणा होगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य निगम विद्यालयों में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की खेल एवं अन्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। शिक्षक सम्मान समारोह में निगम विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा होंगे। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और उप महापौर डॉ. मोनिका पंत अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग और शिक्षा समिति उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। निगम आयुक्त संजीव खिरवार विशिष्ट अतिथि होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा करेंगे। शिक्षा विभाग के निदेशक निखिल तिवारी तथा अपर आयुक्त (शिक्षा) संजीव कुमार मित्तल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
‘नई दिशा, नई उड़ान’ पहल के तहत निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में नई पहल की जा रही है। एमसीडी मिनी लीग के जरिए विद्यार्थियों में खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने पर जोर रहेगा, जबकि ‘प्रतिभागिता’ कार्यक्रम विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम स्थल: केदारनाथ साहनी सभागार, चतुर्थ तल, सी-ब्लॉक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर, नई दिल्ली।
तिथि: 5 सितंबर 2026, शनिवार
समय: प्रातः 11 बजे।
