खुशखबरी: MCD के 93 कच्चे कर्मचारियों को मिली पक्की नौकरी की सौगात

डेम्स विभाग ने जारी किया नियमितीकरण का आदेश, जोन स्तर पर भेजी गई सूची

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के कच्चे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्ष 1998 से 2000 के बीच नियुक्त 93 कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश दिल्ली नगर निगम मुख्यालय के डेम्स विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है। आदेश संबंधित जोन में भी भेज दिया गया है।

डेम्स कमेटी के अध्यक्ष संदीप कपूर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सभी 93 कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने की यह पहल उनके लिए बड़ी राहत और सम्मान की बात है।

संदीप कपूर ने कहा कि यह निर्णय दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मेयर प्रवेश वाही के निर्देशों के तहत लिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निगम में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा।

उन्होंने सभी नियमित किए गए कर्मचारियों से अपील की कि वे पहले से भी अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान दें।

93 परिवारों के लिए खुशियों का दिन

93 कर्मचारियों के नियमित होने से उनके परिवारों में भी खुशी का माहौल है। निगम के सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के लिए इसे महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। डेम्स कमेटी अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि नियमितीकरण के बाद कर्मचारी और अधिक समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।