राजीव नगर में चला सफाई अभियान, नालियों से लेकर सड़कों तक हुई सफाई

नेता सदन जय भगवान यादव ने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा, कूड़ा उठाने और नालियों की सफाई के दिए निर्देश

नई दिल्ली। राजीव नगर के पाल रोड क्षेत्र में मंगलवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र की नालियों की सफाई कराने के साथ जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा उठवाया गया। सड़कों और आसपास के इलाकों में झाड़ू लगाकर सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान नेता सदन जय भगवान यादव ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि साफ-सुथरी सड़कें और स्वच्छ नालियां स्वस्थ वातावरण की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में नियमित सफाई और नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

जय भगवान यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि इसे रोजमर्रा की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि “साफ सड़कें, स्वच्छ नालियां और प्रदूषण मुक्त वातावरण—यही हमारा संकल्प है।” क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।