दिल्ली के हर वार्ड में विकसित होंगे महिला पार्क, सत्या शर्मा ने अधिकारियों को दिए सर्वे के निर्देश

महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देने की पहल, पार्कों में वर्षा जल संचयन और बेहतर वॉकिंग ट्रैक पर भी जोर

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। दिल्ली नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने की दिशा में पहल शुरू की गई है। निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इस संबंध में अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जोनों में सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। सर्वे के माध्यम से ऐसे पार्कों और स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पार्क विकसित किए जा सकें।

सत्या शर्मा ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे सुबह-शाम सैर करने के साथ ही पार्कों में अपना समय बिता सकें। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने की संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

पार्कों में वर्षा जल संचयन पर जोर

बैठक में निगम के पार्कों में वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। स्थायी समिति अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड के पार्कों में वर्षा जल संचयन की संभावनाओं का आकलन किया जाए। इससे वर्षा के पानी का संरक्षण करने और भूजल स्तर में सुधार की दिशा में मदद मिल सकेगी।

हरित कचरे का उचित निस्तारण जरूरी

सत्या शर्मा ने पार्कों में पेड़ों की छंटाई, हरित कचरे के प्रबंधन और नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ हरित कचरे का उचित निस्तारण किया जाना चाहिए। पार्कों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी करने की आवश्यकता है।

बेहतर वॉकिंग ट्रैक विकसित करने के निर्देश

बैठक में पार्कों में नागरिकों की सुविधा के लिए बेहतर सैर ट्रैक विकसित करने पर भी जोर दिया गया। सत्या शर्मा ने कहा कि पार्कों को अधिक सुविधाजनक और उपयोगी बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को स्वच्छ, हरित और बेहतर सार्वजनिक स्थान मिल सकें।

उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा पार्कों के विकास एवं रखरखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। महिला पार्कों के विकास के साथ वर्षा जल संरक्षण, हरित कचरे के प्रबंधन और बेहतर सुविधाओं पर ध्यान देने की यह पहल निगम के पार्कों को अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।