दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, 200 नई मशीनें स्वच्छता बेड़े में शामिल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने किया नए स्वच्छता वाहनों व मशीनों का उद्घाटन
नई दिल्ली। दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम ने नए संसाधनों को स्वच्छता बेड़े में शामिल किया है। शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ महापौर प्रवेश वाही ने दक्षिण-पूर्व जोन (सेंट्रल जोन) में नए स्वच्छता वाहनों और मशीनों का उद्घाटन किया। इस दौरान लगभग 200 नई मशीनों को स्वच्छता बेड़े में शामिल किया गया और विभिन्न वार्डों में लिटर पिकर्स की तैनाती की शुरुआत की गई।

नई मशीनों और वाहनों के शामिल होने से कचरा संग्रहण, सड़कों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार और नगर निगम का लक्ष्य सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि उनका संकल्प दिल्ली के प्रत्येक वार्ड में नियमित कचरा संग्रहण, बेहतर सफाई व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम में लगातार नए संसाधन जोड़े जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्य शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, दक्षिण-पूर्व क्षेत्र की अध्यक्ष नीतू मनीष चौधरी और निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
