सेवा बस्ती में सुविधाओं की नई इबारत लिख रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, 49 शौचालयों की सौगात

पीतमपुरा की जीपी सेवा बस्ती में टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन, महिलाओं की रोजमर्रा की परेशानी पर भी मुख्यमंत्री ने दिखाई संवेदनशीलता; कपड़े धोने के प्लेटफॉर्म के निर्माण के तत्काल निर्देश

नई दिल्ली। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं और सम्मान पहुंचाने के भारतीय जनता पार्टी के अंत्योदय संकल्प को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा की जीपी सेवा बस्ती को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 49 शौचालयों की सुविधा वाले नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन कर स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण राहत प्रदान की।

इस कार्यक्रम की खास बात केवल टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री की वह संवेदनशीलता रही, जिसमें उन्होंने बस्ती के लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को करीब से समझने का प्रयास किया। सेवा बस्ती के निरीक्षण के दौरान एसटीपी प्लांट के पास खाली पड़ी जगह पर उनकी नजर गई। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस स्थान पर कपड़े धोने के लिए उपयुक्त प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए, ताकि छोटी-छोटी झुग्गियों में रहने वाले परिवारों, विशेषकर महिलाओं और गृहणियों को रोजमर्रा की कठिनाइयों से राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री का यह त्वरित निर्णय बताता है कि जनकल्याण केवल बड़ी योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आम नागरिक की छोटी-छोटी जरूरतों का समाधान भी शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। बस्ती में रहने वाली महिलाओं के लिए कपड़े धोने की उचित जगह उपलब्ध कराने का निर्देश इसी सोच का उदाहरण है।

निगम पार्षद डॉ. अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर लोगों की जरूरतों को समझा और समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक गृहणी होने के नाते महिलाओं की दैनिक कठिनाइयों और परिवार की जरूरतों को नजदीक से समझती हैं। यही संवेदनशीलता उनके निर्णयों में भी दिखाई देती है।

डॉ. अमित नागपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का अंत्योदय का सिद्धांत समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। पीतमपुरा की सेवा बस्ती में 49 शौचालयों की सुविधा और कपड़े धोने के प्लेटफॉर्म के निर्माण की पहल इसी जनकल्याणकारी सोच को मजबूत करती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा बस्ती के निवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। वास्तविक विकास वही है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर परिवार को सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन मिल सके।