भारत मंडपम में भव्यता के साथ संपन्न हुई ‘मेरे महावीर 3.1 – महावीर निर्वाण कथा’
मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने राजा हस्तिपाल की भूमिका में जीवंत किए ऐतिहासिक प्रसंग, CA राजीव जैन के भावपूर्ण कथावाचन ने दर्शकों को कराया पावापुरी के निर्वाण महोत्सव का आध्यात्मिक अनुभव
नई दिल्ली। भारत मंडपम में भगवान महावीर देशना फाउंडेशन एवं बीआरजे प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘मेरे महावीर 3.1 – महावीर निर्वाण कथा’ श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भगवान महावीर के जीवन, त्याग, तपस्या, अहिंसा और निर्वाण से जुड़े प्रसंगों को प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति एवं भावपूर्ण कथावाचन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन की अभिनय प्रस्तुति रही। उन्होंने राजा हस्तिपाल की भूमिका निभाकर भगवान महावीर के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भगवान महावीर के त्याग, तपस्या, अहिंसा, करुणा और सत्य के संदेशों से रूबरू होने का अवसर मिला।

वहीं, प्रख्यात कथावाचक सीए राजीव जैन ने अपने भावपूर्ण और ओजस्वी कथावाचन से पूरे सभागार को आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर कर दिया। उन्होंने भगवान महावीर के अंतिम उपदेशों, उनके महान त्याग और पावापुरी में हुए निर्वाण कल्याणक के प्रसंगों का ऐसा सजीव वर्णन किया कि उपस्थित श्रद्धालु स्वयं को पावापुरी की पावन धरा पर मौजूद महसूस करने लगे। उनके कथावाचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कथा, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुति के सुंदर समन्वय ने इस आयोजन को एक आध्यात्मिक अनुभूति में बदल दिया।

कार्यक्रम में संगीतकार प्रदीप जैन, सूत्रधार अभिषा जैन एवं बीना जैन का विशेष योगदान रहा। राजा नंदिवर्धन की भूमिका सुधीर जैन ने निभाई, जबकि सह-निर्माता मणिभद्र जैन एवं वर्षु जैन ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के डायरेक्टर सुभाष ओसवाल एवं सीए अनिल जैन का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों के स्वागत एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में सत्य भूषण जैन, मनीष जैन, क्रिस्टी जैन एवं शुभम जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का निर्माण बीआरजे प्रोडक्शन ने किया तथा आयोजन भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
आयोजन के माध्यम से भगवान महावीर के शाश्वत सिद्धांत ‘जियो और जीने दो’ तथा प्रेरणादायी संदेश ‘यह महावीर का पथ है, हर प्राणी में संत है’ को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने अहिंसा, करुणा, अनेकांतवाद और प्रत्येक जीव के प्रति प्रेम एवं सम्मान की महत्ता को रेखांकित किया। आयोजकों का संदेश रहा कि भगवान महावीर की शिक्षाएं आज भी मानवता को शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाती हैं।
