वार्ड 166 पुष्प विहार में भाजपा प्रत्याशी नरेश पार्षद घोषित, अदालत ने आप पार्षद अरुण नवरिया का चुनाव किया रद्द

नामांकन के दौरान आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने पर अदालत का फैसला, भाजपा ने किया स्वागत

नई दिल्ली, 19 नवंबर। नीरज अवस्थी।दिल्ली के वार्ड 166 पुष्प विहार में पार्षद पद को लेकर बड़ा फैसला आया है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दक्षिण जिला संजीव कुमार अग्रवाल की अदालत ने आम आदमी पार्टी के पार्षद अरुण नवरिया का चुनाव रद्द कर दिया है। अदालत ने 18 नवंबर 2026 को दिए आदेश में भाजपा के रनर-अप प्रत्याशी नरेश को तत्काल प्रभाव से निर्वाचित पार्षद घोषित किया है।

अदालत के फैसले के अनुसार, चुनाव के दौरान नामांकन पत्र दाखिल करते समय अरुण नवरिया ने अपने खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी। इसी आधार पर उनका चुनाव निरस्त किया गया और दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी नरेश को विजयी घोषित किया गया।

दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने अदालत के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वार्ड 166 पुष्प विहार से भाजपा प्रत्याशी नरेश को पार्षद घोषित करने का अदालत का निर्णय उचित है।

कपूर ने इस मामले में पैरवी करने वाले अधिवक्ता स्वास्तिक सिंह और अतुल सिंह के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिवक्ताओं ने पुष्प विहार की जनता को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए।