दिल्ली में प्रदूषण पर भाजपा सरकार को अंकुश नारंग ने घेरा, बोले—वादों और फोटोशूट से साफ नहीं होगी हवा

AQI 300 पार होने पर जताई चिंता, एंटी-स्मॉग टावर बंद होने और ठोस कार्ययोजना के अभाव पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के 300 पार पहुंचने को लेकर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजधानी की जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है, लेकिन भाजपा सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम उठाती दिखाई नहीं दे रही है।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के कारण सांस, अस्थमा और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। भाजपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्ययोजना जमीन पर नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये खर्च कर 15 से 25 लाख रुपये की लागत वाले एंटी-स्मॉग टावर लगाए गए, लेकिन वे भी बंद पड़े हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर खर्च की गई सरकारी धनराशि का जनता को क्या लाभ मिला?

नारंग ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही पर निशाना साधते हुए कहा कि वादों और फोटोशूट से प्रदूषण कम नहीं होगा। इसके लिए ईमानदार इच्छाशक्ति, स्पष्ट कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

उन्होंने सवाल किया कि आखिर दिल्ली की जनता को जहरीली हवा से कब राहत मिलेगी और भाजपा सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम कब उठाएगी?