महापौर प्रवेश वाही की पहल से 65 दिवंगत निगम कर्मचारियों के आश्रितों को मिलेगी नौकरी, एमटीएस पद पर नियुक्ति को मंजूरी

अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के निस्तारण में निगम ने उठाया कदम, इंजीनियरिंग विभाग में भी दूर होगी कर्मचारियों की कमी

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कार्यरत रहे दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को बड़ी राहत देते हुए महापौर प्रवेश वाही ने 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस), इंजीनियरिंग विभाग के पद पर नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान की है। महापौर की इस पहल से लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को आर्थिक संबल मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। जिन कर्मचारियों ने अपना जीवन दिल्ली की सेवा में समर्पित किया, उनके परिवारों की देखभाल करना निगम की नैतिक जिम्मेदारी है। अनुकंपा नियुक्ति केवल नौकरी देना नहीं, बल्कि दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति निगम के सम्मान और जिम्मेदारी का निर्वहन है।

उन्होंने कहा कि 65 आश्रितों की नियुक्ति से उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं निगम के इंजीनियरिंग विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी। नवनियुक्त कर्मचारी सड़कों, नालों, भवनों और अन्य जनसुविधाओं के रखरखाव से जुड़े कार्यों में योगदान देंगे।

महापौर ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए निगम प्रशासन विशेष अभियान चला रहा है। पात्रता की जांच के बाद 65 मामलों को स्वीकृति दी गई है। शेष पात्र मामलों का भी नियमानुसार जल्द निस्तारण किया जाएगा।

महापौर ने सभी चयनित आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने दिवंगत परिजनों की तरह ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ दिल्ली की

सेवा करेंगे।