मुखमेलपुर में बनेगा अत्याधुनिक ऑक्सीजन पार्क, बुराड़ी को मिली बड़ी सौगात

नई दिल्ली।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में करीब तीन एकड़ में विकसित होने वाले अत्याधुनिक ऑक्सीजन पार्क का शिलान्यास किया। इस पार्क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को हरियाली, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्क निर्माण के लिए वन विभाग द्वारा एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी विधायक निधि/विवेकाधीन मद से भी एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिल्ली के सबसे आकर्षक और बेहतरीन पार्कों में शामिल किया जाए।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि विकसित दिल्ली के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुखमेलपुर का यह ऑक्सीजन पार्क केवल एक हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम राजधानी में हरित क्षेत्रों के विकास, पार्कों के आधुनिकीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। बढ़ती शहरी आबादी के बीच ऐसे पार्क लोगों को प्रकृति से जोड़ने, तनावमुक्त वातावरण देने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

इस ऑक्सीजन पार्क में वॉकिंग ट्रैक, ऊर्जा दक्ष आकर्षक लाइटिंग, बैठने और आराम करने के लिए हट, सुंदर तालाब और विभिन्न प्रजातियों के छायादार पेड़ लगाए जाएंगे। साथ ही पार्क में पर्याप्त हरित क्षेत्र और खुले स्थान भी विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद मुखमेलपुर के साथ-साथ जिंदपुर, बख्तावरपुर, हिरणकी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के लिए यह पार्क सैर, योग, व्यायाम, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों का आदर्श केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार इस वर्ष 70 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और हैज लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ऑक्सीजन पार्क और वृक्षारोपण अभियान जैसे प्रयास दिल्ली को अधिक स्वच्छ, हरित और रहने योग्य राजधानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और विकसित भारत-विकसित दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मौजूद गंदे नाले को ढकने और अन्य स्थानीय विकास कार्यों के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सांसद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गांवों और बाहरी दिल्ली के क्षेत्रों में सड़क, नाला, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी करीब 10 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि बुराड़ी अस्पताल में नई चिकित्सा मशीनें लगाई गई हैं और डायलिसिस सुविधाओं का विस्तार किया गया है। वहीं लंबे समय से बंद पड़े वाहन फिटनेस केंद्र को आधुनिक ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।