मुखमेलपुर पार्क उद्घाटन पर कांग्रेस का हमला: “180 मीटर पैदल PR और उद्घाटन में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला आखिर क्यों?” — नाज़िया दानिश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस की विपक्षी नेता नाज़िया दानिश ने दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए सरकारी आयोजनों में कथित फिजूलखर्ची, दिखावटी राजनीति और प्रचार आधारित कार्यक्रमों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार जनता को ऑनलाइन पढ़ाई, वर्क फ्रॉम होम और संसाधनों की बचत का संदेश देती है, जबकि दूसरी ओर खुद सरकारी कार्यक्रमों में भारी-भरकम काफिलों और प्रचार तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री महज 180 मीटर दूर स्थित LG हाउस तक पैदल जाकर “PR” करती हैं और उसे जनता के बीच बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में पेश किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केवल मीडिया कवरेज और राजनीतिक छवि चमकाने के लिए किया जा रहा है, जबकि दिल्ली की जनता आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने मुखमेलपुर में आयोजित एक छोटे से पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्क का उद्घाटन किया गया, उसका प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिया था, लेकिन उस काम को पूरा करने में सरकार को करीब डेढ़ साल लग गए। अब जब उद्घाटन का समय आया तो सैकड़ों गाड़ियों और बसों का काफिला इकट्ठा कर दिया गया। इससे इलाके में ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था और अनावश्यक सरकारी खर्च देखने को मिला।
नाज़िया दानिश ने सवाल उठाया कि जब दिल्ली सरकार लगातार प्रदूषण कम करने, ट्रैफिक नियंत्रित करने और सरकारी खर्च बचाने की बातें करती है, तब ऐसे आयोजनों में इतनी बड़ी संख्या में वाहनों और सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किस आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह जनता के टैक्स के पैसे का खुला दुरुपयोग है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में विकास कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी है, लेकिन छोटे-छोटे कामों को भी बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों में बदलकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। दानिश ने कहा कि दिल्ली की सड़कों की हालत खराब है, कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है, सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है और लोग प्रदूषण से परेशान हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय प्रचार में व्यस्त है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता अब केवल विज्ञापन, उद्घाटन और फोटो सेशन की राजनीति नहीं चाहती। जनता को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, सुरक्षित सड़कें और पारदर्शी प्रशासन चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी का फर्क अब पूरी तरह जनता के सामने आ चुका है।
नाज़िया दानिश ने कहा, “एक तरफ सादगी और बचत की बातें की जाती हैं, दूसरी तरफ छोटे उद्घाटनों को भी शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना दिया जाता है। दिल्ली की जनता सब देख रही है। अब लोगों को दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि जमीनी काम चाहिए।”
