पूर्वीदिल्ली ।दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित सीलमपुर फर्नीचर मार्केट में देर रात लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और पूरा बाजार धुएं व लपटों से घिर गया।
लकड़ी और फर्नीचर का भारी सामान होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकानदारों का दावा है कि इस हादसे में लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। कई दुकानों का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। इसी बीच दमकल विभाग की गाड़ियों के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, जिसके चलते नुकसान बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने दमकल की गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन को हालात संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर यह महज हादसा था या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। बकरीद से ठीक पहले लगी इस आग को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस ने मामले की जांच कई एंगल से शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन क्राइम एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस आग कांड ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह सिर्फ लापरवाही का नतीजा था या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश? इसका जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
