नई दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रेखा गुप्ता की मुलाकात, विकास और सुशासन पर हुई चर्चा

नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके आवास पर सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जनहित, सुशासन, शहरी विकास और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में संचालित विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं दिल्ली में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने कहा कि देश के समग्र विकास में राज्यों की सक्रिय भागीदारी और आपसी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई और दोनों नेताओं ने विकास को केंद्र में रखकर सकारात्मक संवाद जारी रखने की बात कही।