लाल किला परिसर में “जनजाति सांस्कृतिक समागम” का भव्य आयोजन, नेता सदन जय भगवान यादव ने बताया प्रेरणादायी
नई दिल्ली।दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में आयोजित “जनजाति सांस्कृतिक समागम” कार्यक्रम में देश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक कला और परंपराओं की अद्भुत झलक देखने को मिली। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने भी सहभागिता कर जनजातीय समाज के योगदान को नमन किया।
जय भगवान यादव ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को देश के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायक गाथाओं से भरा हुआ है, जिसने भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं, जिससे विकास की नई रोशनी जनजातीय अंचलों तक पहुंच रही है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोक कलाओं, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन के दौरान जनजातीय संस्कृति की विविधता और भारत की एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
