दिल्ली नगर निगम में नेता सदन जय भगवान यादव ने सिविल लाइन जोन का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई व्यवस्था, सीवर, सड़क मरम्मत और जलभराव जैसी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं नेता सदन के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर निगम अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
