नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने नई जिम्मेदारी संभालने से पहले मंदिर पहुंचकर प्रभु के श्रीचरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उन्हें नई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ निभाने की शक्ति प्रदान करें।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संगठन, जनसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव सेवा भाव बनाए रखना ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा और विश्वास का दायित्व है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी को साथ लेकर संगठन को और मजबूत करने तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं में उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने को लेकर उत्साह का माहौल है।
