नई दिल्ली, 6 जून। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 30 दैनिक वेतनभोगी एवं मस्टर रोल कर्मचारियों के नियमितीकरण को मंजूरी प्रदान की गई है। इस निर्णय से लंबे समय से निगम की स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे कर्मचारियों को स्थायी सेवा का लाभ मिलेगा।
नियमित किए जाने वाले कर्मचारियों में सफाई कर्मचारी, वार्ड बॉय, चौकीदार, माली, वार्ड आया, लैब अटेंडेंट, वार्डन तथा किचन स्टाफ शामिल हैं, जो वर्षों से अस्पताल प्रशासन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि निगम अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित करना उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि निगम के बजट में कर्मचारियों के नियमितीकरण की जो घोषणा की गई थी, उसी के अनुरूप यह कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार यह निर्णय कर्मचारियों को स्थायित्व प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अधिक समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
सत्या शर्मा ने कहा कि निगम भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे सकारात्मक निर्णय लेता रहेगा, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बन सके।
