पंचतीर्थ यात्रा के तहत दिल्ली पहुंचे 141 श्रद्धालुओं का भाजपा कार्यालय में स्वागत

नई दिल्ली, 20 जून। डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और विचारों से जुड़े पंचतीर्थ स्थलों के दर्शन के उद्देश्य से पंजाब से आए 141 श्रद्धालुओं के जत्थे का दिल्ली में स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने अलीपुर रोड स्थित पंचतीर्थ स्थल और डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का भ्रमण किया, जिसके बाद उनका भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद भोला सिंह, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय निर्मल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य कर्म सिंह कर्मा तथा दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं का जत्था मध्य प्रदेश के महू, महाराष्ट्र के नागपुर और मुंबई स्थित डॉ. आंबेडकर से जुड़े स्थलों का भ्रमण करने के बाद दिल्ली पहुंचा था। दिल्ली में उन्हें अलीपुर रोड स्थित उस परिसर का भी दर्शन कराया गया, जहां डॉ. आंबेडकर ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय बिताया था।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को लंदन स्थित डॉ. आंबेडकर स्मारक (पंचतीर्थ) से संबंधित वीडियो भी दिखाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. आंबेडकर के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और संविधान के माध्यम से उन्होंने समानता एवं अधिकारों की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति समाज के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है।

सांसद भोला सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार द्वारा उनके स्मारकों और पंचतीर्थ स्थलों के विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को सम्मानित कर पंजाब के लिए रवाना किया गया। आयोजन में अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।