गाज़ीपुर में प्रस्तावित CBG प्लांट के विरोध में प्रदर्शन, हजारों लोगों ने जताई आपत्ति

नई दिल्ली, 21 जून। पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर पेपर मार्केट, घड़ौली और मयूर विहार फेज-III क्षेत्र में प्रस्तावित सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायोगैस) प्लांट के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। “CBG प्लांट हटाओ, जीवन बचाओ संघर्ष समिति” के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में विभिन्न आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों, महिला एवं युवा समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गाज़ीपुर क्षेत्र पहले से ही कूड़ा निस्तारण केंद्र, स्लॉटर हाउस, मछली बाजार और अन्य गतिविधियों के कारण प्रदूषण संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उनका आरोप है कि प्रस्तावित सीबीजी प्लांट से क्षेत्र में पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक राजीव वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के निवासी लंबे समय से दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने सरकार से प्रस्तावित परियोजना पर पुनर्विचार करने और स्थानीय लोगों की चिंताओं को ध्यान में रखने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े नारे लगाए। आयोजकों के अनुसार, यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को आगे भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई सामाजिक, धार्मिक और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।