विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में जनसेवा सदन का उद्घाटन, विकास और जनसेवा पर जोर

नई दिल्ली, 21 जून। घोंडा विधानसभा के यमुना विहार स्थित बी-1 सर्विस रोड पर रविवार को आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” के दौरान विधायक अजय महावर के सरकारी विधायक जनसेवा सदन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा तथा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने जनसेवा सदन का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि राजधानी को बेहतर बनाने के लिए जनहितकारी पहल आवश्यक हैं। वहीं मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनसेवा सदन को जनता और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।

विधायक अजय महावर ने कहा कि जनप्रतिनिधि का कार्यालय केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनसेवा सदन के माध्यम से क्षेत्रवासियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी सेवाओं और शिकायत निवारण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सम्मेलन के दौरान केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं, क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों तथा विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक अजय महावर की नई वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, निगम पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का समापन विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।