नई दिल्ली, 30 जून। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके जनसेवा, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण को याद किया। घेवरा स्थित समाधि स्थल और दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

घेवरा स्थित समाधि स्थल पर डॉ. साहिब सिंह वर्मा की पत्नी साहिब कौर, ज्येष्ठ पुत्र एवं दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह तथा छोटे पुत्र सिद्धार्थ साहिब सिंह ने सपत्नीक हवन किया। इस अवसर पर रसराज जी महाराज के सान्निध्य में सुंदरकांड का पाठ भी हुआ। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद योगेंद्र चांदोलिया सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उधर, दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. साहिब सिंह वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, महामंत्री विष्णु मित्तल, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, योगिता सिंह, लता गुप्ता, विनय रावत, मंत्री सोना कुमारी, कार्यालय मंत्री बृजेश राय, अमित गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष सागर त्यागी, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीस अब्बासी, प्रवक्ता यासिर जिलानी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा का पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने गांव, गरीब, किसान और आम नागरिकों के हितों को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों की समस्याओं को उन्होंने मजबूती से उठाया और उनके समाधान के लिए लगातार कार्य किया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा की सादगी, ईमानदारी और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार और दिल्ली की जनता उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेती रहेगी।
