बारिश में डूबी दिल्ली, MCD पर बरसे नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग, बोले- पहली बारिश में ही खुल गई भाजपा के दावों की पोल
नई दिल्ली। दिल्ली में हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा शासित निगम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहली ही तेज बारिश में राजधानी की सड़कों पर जलभराव ने निगम के सभी दावों की पोल खोल दी है।
अंकुश नारंग ने कहा कि नाथूपुरा समेत दिल्ली के कई इलाकों में सड़कें तालाब बन गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली बारिश में ही व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त दिखाई दे रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जलभराव, जाम और बदहाल सड़कों का खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही है, जबकि भाजपा शासित MCD केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने मांग की कि जलभराव वाले इलाकों में तत्काल राहत कार्य चलाए जाएं और बारिश से पहले की गई तैयारियों की जवाबदेही तय की जाए।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्लीवासियों को हर मानसून में एक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और अब केवल दावों से नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर काम करके दिखाने का समय है।
