मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के विकास कार्यों का किया निरीक्षण, छठ पर्व से पहले पूरा होगा कायाकल्प
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मुनक नहर क्षेत्र में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जनवरी से जारी है और सरकार का लक्ष्य छठ पर्व से पहले पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप में तैयार करना है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए, गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा स्थानीय नागरिकों से लगातार फीडबैक लेकर आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर का कायाकल्प केवल सौंदर्यीकरण का कार्य नहीं, बल्कि विरासत के सम्मान, प्रकृति संरक्षण और जनसुविधाओं के सशक्त विकास की दिशा में सरकार की व्यापक सोच का हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद मुनक नहर क्षेत्र राजधानी के प्रमुख स्वच्छ और विकसित सार्वजनिक स्थलों में शामिल होगा।
