ऑटो से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया पर्स, नकदी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी थाना पुलिस ने लूट की वारदातों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा, लूटा गया पर्स, उसमें रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से लूट के दो मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:20 बजे गोकलपुरी थाना क्षेत्र में ऑटो सवार बदमाशों द्वारा लूट की सूचना मिली थी। पीड़ित 44 वर्षीय राकेश, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गोठरा गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान ऑटो में सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की, गला दबाकर नीचे गिरा दिया और उनका पर्स लूट लिया। पर्स में करीब 15 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण पहचान पत्र रखे हुए थे।

मामले में गोकलपुरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुबेर अहमद (24) निवासी अशोक विहार, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से पीड़ित का पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज, लूटी गई रकम में से 4,000 रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा बरामद किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दयालपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य लूट के मामले में भी शामिल था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने दो लूट की वारदातों का खुलासा कर दिया है।

पुलिस अब फरार सह-आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।