नवगठित जिला भाजपा मीडिया टीमों के साथ बैठक, मौजूदा राजनीतिक हालात पर मंथन

नई दिल्ली, 3 जुलाई। दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश मीडिया विभाग और 12 नवगठित जिला भाजपा मीडिया टीमों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक में सभी नव नियुक्त जिला मीडिया प्रमुखों और प्रवक्ताओं का परिचय कराया गया। इसके बाद अभय वर्मा ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, विपक्ष के मुद्दों तथा भाजपा की जनहित नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

प्रवीण शंकर कपूर ने मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली, मीडिया से संवाद की प्रक्रिया, प्रेस ब्रीफिंग के नियमों और संगठन के संदेश को तथ्यात्मक एवं अनुशासित तरीके से प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। बैठक में संगठन की मीडिया गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।