वार्ड कमेटी चुनाव: आप ने 11 जोनों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए भरे नामांकन, 4 स्थायी समिति सदस्यों के लिए भी दावेदारी
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड कमेटी चुनाव प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में 11 जोनों की वार्ड कमेटियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल किए।

इसके अलावा पार्टी ने 4 जोनों से स्थायी समिति सदस्य पद के लिए भी नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। वार्ड कमेटियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ ही इन चार जोनों से चुने जाने वाले सदस्य एमसीडी की स्थायी समिति के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

एमसीडी में वार्ड कमेटी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय हैं। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्ड कमेटियों के गठन के साथ ही स्थायी समिति के गठन का रास्ता भी साफ होगा।
