वार्ड कमेटी चुनाव: आप ने 11 जोनों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए नामांकन, 4 स्थायी समिति सदस्यों के लिए भी ठोकी दावेदारी

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड कमेटी चुनाव प्रक्रिया में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में 11 जोनों की वार्ड कमेटियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। इसके साथ ही पार्टी ने 4 जोनों से स्थायी समिति सदस्य पद के लिए भी अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा।

 

आप द्वारा जारी सूची के अनुसार नरेला, सिविल लाइन, रोहिणी, सिटी एंड एसपी, करोल बाग, वेस्ट, नजफगढ़, सेंट्रल, साउथ, शाहदरा (साउथ) और शाहदरा (नॉर्थ) जोनों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए उम्मीदवार उतारे गए हैं। वहीं नरेला, करोल बाग, नजफगढ़ और शाहदरा (साउथ) जोन से स्थायी समिति सदस्य पद के लिए भी नामांकन दाखिल किया गया है।

पार्टी की सूची में नरेला जोन से अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार और उपाध्यक्ष पद के लिए नेहा, करोल बाग जोन से अलका ढींगरा और कविता चौहान, नजफगढ़ जोन से सिम्मी यादव और आरती यादव, जबकि शाहदरा (साउथ) जोन से विजय कुमार और ज्योति रानी को उम्मीदवार बनाया गया है। स्थायी समिति सदस्य पद के लिए क्रमशः ऋतु मुकेश कुमार, राजन अरोड़ा, सुदेश कुमार और बीना के नामांकन दाखिल किए गए हैं।

एमसीडी में वार्ड कमेटी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड कमेटियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ-साथ स्थायी समिति के सदस्यों का चयन भी होगा, जिसके बाद एमसीडी की बहुप्रतीक्षित स्थायी समिति के गठन का रास्ता साफ होगा। आने वाले दिनों में इन चुनावों को लेकर निगम की राजनीति और अधिक गर्माने की संभावना है।