नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने दिल्ली सरकार की “दिल्ली लक्ष्मी योजना” का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
मनोज जैन ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू होने जा रही इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और उनके परिवारों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लगभग 17 लाख महिलाओं तक पहुंचने का अनुमान है। पात्र महिलाओं के लिए आयु, आय और निवास संबंधी स्पष्ट मानदंड तय किए गए हैं, जिससे वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं को इसका लाभ मिल सकेगा।
मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नारी शक्ति वंदन” के संकल्प और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “दिल्ली लक्ष्मी योजना” महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से अपील की कि योजना शुरू होने पर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजीकरण कराकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ अवश्य उठाएं।
