आप को बड़ा झटका: सिटी एसपी जोन के चेयरमैन विकास टांक भाजपा में शामिल, हर्ष मल्होत्रा ने कराया स्वागत

नई दिल्ली, 15 जुलाई। दिल्ली नगर निगम की राजनीति में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए सिटी एसपी जोन के चेयरमैन एवं निगम पार्षद विकास टांक बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल की मौजूदगी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विकास टांक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रेस वार्ता का संयोजन दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया।

हर्ष मल्होत्रा ने विकास टांक को पार्टी का पटका पहनाकर, मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता दिलाई और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों से प्रभावित होकर विकास टांक ने पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार और नगर निगम में भाजपा के नेतृत्व के चलते विकास कार्यों को गति मिली है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम शुरू किया है। निगम में कूड़ा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कम्पैक्टर लगाए जा रहे हैं, पार्कों की सफाई, सड़कों और गलियों का रखरखाव तथा अन्य विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आम आदमी पार्टी के पास सरकार और निगम दोनों की जिम्मेदारी थी, तब विकास कार्य ठप पड़े रहे। भाजपा का उद्देश्य विकास की राजनीति करना है, न कि विकास पर राजनीति करना।

भाजपा में शामिल होने के बाद विकास टांक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनाव से पहले कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़े के पहाड़ खत्म करने का वादा अधूरा रह गया और सदन को भी सुचारु रूप से नहीं चलने दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के पार्षदों पर काम न करने का दबाव बनाया जाता था, जिसके कारण कई पार्षद पार्टी छोड़ चुके हैं।

विकास टांक ने कहा कि उन्हें खुशी है कि अब वह ऐसी पार्टी का हिस्सा बने हैं, जो “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना के साथ सभी वर्गों को समान सम्मान देते हुए विकास की राजनीति करती है।