मेगा प्लांटेशन ड्राइव: झील स्कूल में बच्चों ने लगाया हरियाली का संकल्प, विधायक डॉ. अनिल गोयल ने किया वृक्षारोपण

नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण और हरित दिल्ली के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल, झील में सोमवार को ‘मेगा प्लांटेशन ड्राइव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अनिल गोयल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल गोयल ने विद्यार्थियों को पौधे भेंट करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सहयोग तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली को अधिक हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में 5 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।

डॉ. गोयल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र जैसी चुनौतियों का समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों की सुरक्षा से ही संभव है। पेड़ वायु को शुद्ध करने, जैव विविधता को संरक्षित रखने, तापमान नियंत्रित करने और भूजल स्तर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। स्कूल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेते हुए हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त दिल्ली के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।