अस्पतालों में इंतजामों के दावे और जमीन पर मरीजों की बढ़ती कतारें—नाज़िया दानिश ने रेखा गुप्ता सरकार को घेरा
स्वाइन फ्लू-डेंगू पर दिल्ली सरकार फेल!
नई दिल्ली, 29 अगस्त। दिल्ली में स्वाइन फ्लू, डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस ने रेखा गुप्ता सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि राजधानी में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामलों को रोकने में दिल्ली सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और डेंगू के नए मरीजों का सामने आना भाजपा सरकार की स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों और रोकथाम के दावों की पोल खोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह अस्पतालों का दौरा कर केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधाएं, जांच और दवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 27 अगस्त को 125 और 28 अगस्त को 166 नए एच1एन1 मामले सामने आने के बाद दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 2612 से अधिक बताई जा रही है। वहीं डेंगू के 272 मामले, मलेरिया के 95 और चिकनगुनिया के 21 मामले दर्ज होने का दावा किया गया है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि मानसून के दौरान बढ़ी नमी और जगह-जगह जमा पानी बीमारियों के प्रसार को बढ़ा सकता है, लेकिन सरकार और नगर निगम की तैयारियां सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में जमा पानी में टेमीफॉस और बीटीआई जैसे लार्वा-नाशक उपायों तथा फॉगिंग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि एच1एन1 संक्रमण बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष चिंता का विषय हो सकता है। निजी अस्पतालों में जांच का खर्च गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर भारी पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि दिल्ली सरकार सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे तथा आवश्यक उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता बढ़ाए।
नाज़िया दानिश ने जगप्रवेश अस्पताल के फ्लू वार्ड में कथित तौर पर ताले लगे होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब राजधानी में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हों तो अस्पतालों को पूरी तरह सतर्क और तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील की कि सरकार केवल बैठकों और दौरों तक सीमित न रहे, बल्कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखते हुए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, जांच, दवाओं और मरीजों के इलाज की व्यवस्था मजबूत करे।
नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते स्वाइन फ्लू और मच्छरजनित बीमारियों के मामलों को गंभीरता से नियंत्रित करने के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि स्थिति और गंभीर न हो।
