पॉकेट-12 के गेट नंबर-1 का उद्घाटन, नेता सदन जय भगवान यादव ने RWA और स्थानीय निवासियों के साथ साझा किया खुशी का पल
रोहिणी सेक्टर-24 में खुला विकास और सुरक्षा का नया द्वार
नई दिल्ली, 30 अगस्त। बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-24, पॉकेट-12 में गेट नंबर-1 के उद्घाटन का कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। नेता सदन, दिल्ली नगर निगम जय भगवान यादव ने इस अवसर पर स्थानीय निवासियों और RWA पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहकर गेट के उद्घाटन कार्यक्रम में सहभागिता की।
गेट नंबर-1 का उद्घाटन पॉकेट की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर आवागमन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरत को पूरा करने वाला कार्य बताया।
कार्यक्रम में RWA अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, चेयरमैन वेद पाल द्राल, उपाध्यक्ष मन्नू देव और महासचिव अरविंद इटर सहित पूरी RWA टीम तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित निवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में RWA पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों की सक्रिय सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधि, RWA और जनता जब मिलकर काम करते हैं तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान तेजी से होता है और विकास कार्यों को नई दिशा मिलती है।
गेट नंबर-1 के उद्घाटन के बाद पॉकेट के निवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने RWA टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी ऐसी पहलों से क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है।

नेता सदन जय भगवान यादव ने पूरी पॉकेट-12 की RWA टीम एवं स्थानीय निवासियों को इस शुभ कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में भविष्य में भी इसी प्रकार सामूहिक सहयोग की अपेक्षा जताई।बेगमपुर वार्ड-27 में जनसहभागिता के साथ विकास की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा।
