भाजपा ने आप के आरोपों को बताया बेबुनियाद, कहा—GeM पर खुली टेंडर प्रक्रिया से L-1 बोलीदाता को मिला वर्क ऑर्डर
‘बेटियों की साइकिल’ पर AAP का सियासी पंक्चर!
नई दिल्ली, 31 अगस्त। दिल्ली की बेटियों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत देने के लिए शुरू की गई ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरण को लेकर आम आदमी पार्टी के आरोपों पर भाजपा ने करारा पलटवार किया है। भाजपा ने पूरी खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। पार्टी ने साफ कहा कि भारत सरकार के GeM पोर्टल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत ओपन टेंडर हुआ और L-1 बोलीदाता को नियमों के मुताबिक वर्क ऑर्डर दिया गया।
दिल्ली सरकार के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अभय वर्मा ने कहा कि दिल्ली की बेटियों के हित में सरकार की पहल से आम आदमी पार्टी को अनावश्यक परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन उसने छात्राओं को स्कूल तक पहुंच आसान बनाने के लिए ऐसी पहल नहीं की। वर्तमान सरकार ने कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने का निर्णय लेकर उनकी शिक्षा को सुगम बनाने की दिशा में कदम उठाया है।
टेंडर में चुप्पी, वितरण शुरू होते ही हंगामा!
अभय वर्मा ने कहा कि साइकिलों की खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से ओपन टेंडर प्रक्रिया के तहत की गई। पात्र प्रतिभागियों को इसमें भाग लेने का पूरा अवसर मिला और टेंडर प्रक्रिया के दौरान किसी भी इच्छुक प्रतिभागी को आपत्ति या शिकायत दर्ज कराने का अधिकार था।
उन्होंने कहा कि टेंडर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फ्लोट हुआ, तय समय पर खोला गया और मूल्यांकन के बाद L-1 बोलीदाता को वर्क ऑर्डर जारी किया गया। खास बात यह है कि टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने वाले किसी प्रतिभागी की ओर से उस समय कोई आपत्ति सामने नहीं आई।
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि जब पूरी खरीद प्रक्रिया चल रही थी, तब आपत्ति क्यों नहीं की गई और छात्राओं को साइकिल मिलनी शुरू होते ही इसे राजनीतिक विवाद क्यों बनाया जा रहा है?
‘शिकायतकर्ता का टेंडर से ही कोई वास्ता नहीं’
अभय वर्मा ने आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस कथित शिकायत का हवाला दिया जा रहा है, उसका शिकायतकर्ता स्वयं टेंडर प्रक्रिया में सहभागी नहीं था और उसने टेंडर में भाग लेने का प्रयास भी नहीं किया। ऐसे में टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाने की मंशा पर सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है।उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी के पास खरीद प्रक्रिया में किसी अनियमितता का कोई ठोस तथ्य या प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। सिर्फ राजनीतिक आरोप लगाकर दिल्ली की बेटियों को मिलने वाली सुविधा को विवाद में डालना उचित नहीं है।
हरिश खुराना बोले—राजनीतिक दुर्भावना से लगाए जा रहे आरोप
भाजपा प्रवक्ता हरिश खुराना ने कहा कि साइकिल खरीद की प्रक्रिया GeM पोर्टल पर पारदर्शी तरीके से पूरी हुई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत L-1 बोलीदाता का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को टेंडर प्रक्रिया पर कोई आपत्ति थी तो उसे उसी समय उचित माध्यम से उठाना चाहिए था।खुराना ने आरोप लगाया कि वितरण शुरू होने के बाद लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होते हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर और स्कूल तक आसान आवाजाही उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
‘महिलाओं-बेटियों के सशक्तीकरण से विपक्ष को क्यों आपत्ति?’
विधायक अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना और विद्या वाहिनी योजना जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार महिलाओं और छात्राओं के हित में ठोस कदम उठा रही है, तब विपक्ष को इन योजनाओं का स्वागत करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि छात्राओं को मिलने वाली साइकिल सुविधा को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बनाने के बजाय बेटियों के भविष्य और शिक्षा के हित में देखा जाना चाहिए।
