मनोज तिवारी के पचरा और मालिनी अवस्थी के लोकगीतों पर झूमे हजारों दर्शक, हर्ष मल्होत्रा बोले—भारत की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति
तालकटोरा में ‘बदरिया’ ने बिखेरे पूर्वांचल की लोकसंस्कृति के रंग
नई दिल्ली, 31 अगस्त। मानसून की विदाई के साथ दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सोमवार को पूर्वांचल की लोक संस्कृति, संगीत और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। मैथिली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली सरकार के सहयोग से माता चकेरी देवी फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘बदरिया’ रंगारंग कार्यक्रम में हजारों लोगों ने लोकगीतों, भक्ति संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में उस समय खास माहौल बन गया, जब सांसद मनोज तिवारी ने पूर्वांचल का पारंपरिक पचरा प्रस्तुत किया। वहीं प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने अपने लोकगीतों से समां बांध दिया। दोनों की प्रस्तुतियों पर तालकटोरा स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए। लोक गायिका अनुराधा सिंह के भक्ति गीतों तथा विभिन्न समूहों की नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

वाद्य संगीत और भोजपुरी-मैथिली गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और रंगीन बना दिया। शौभिक सरकार, सौरव गांगुली, संभवी पाठक, सनवी पाठक, रूपक डे और चंदन तिवारी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
‘विविधता हमारी सबसे बड़ी शक्ति’ : हर्ष मल्होत्रा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भारत की विविधता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है। देश में हर 50-60 किलोमीटर पर भाषा और बोली का स्वरूप बदल जाता है, लेकिन भारत की मूल संस्कृति एक ही है—बंधुत्व, आत्मीयता, परोपकार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए कुछ करने की भावना।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज के उन वर्गों की चिंता भी सामने आती है, जो किसी कारणवश वंचित, शोषित या पीड़ित हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे, यह सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, परिवार सम्मान के साथ जीवन जी सकें और माताएं-बहनें स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनें—इसी दिशा में सामाजिक संस्थाओं को काम करना चाहिए। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के संकल्प से भी जोड़ा।

सेवा और संस्कृति का संगम
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि माता चकेरी देवी फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिंह और उनकी पूरी टीम सेवा तथा सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ा रही है। ‘बदरिया’ का आयोजन दूसरी बार किया जा रहा है और पिछले वर्ष भी उन्हें इसमें शामिल होने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति और गणमान्य लोगों की मौजूदगी आयोजन के व्यापक सामाजिक जुड़ाव को दर्शाती है।

ये प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा, महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, माता चकेरी देवी फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, फाउंडेशन के न्यासी एवं भाजपा नेता बृजेश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम बिधूड़ी, दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता, भारत एक्सप्रेस के सीईओ उपेंद्र राय, उद्यमी आदित्य कुमार हलवासिया, भाजपा कार्यालय मंत्री कैलाश जैन एवं अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और पूर्वांचल समाज के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम संयोजकों योगिता सिंह और बृजेश राय सहित पूरी टीम ने उपस्थित पूर्वांचल समाज के लोगों का अभिनंदन किया। तालकटोरा स्टेडियम में उमड़ी भीड़ ने आयोजन को दिल्ली में पूर्वांचली लोक संस्कृति के बड़े मंच के रूप में स्थापित किया।
