एमसीडी शिक्षा समिति की कमान फिर योगेश वर्मा के हाथ
अमित खड़खड़ी उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित, आप ने नहीं उतारा उम्मीदवार; निगम के 1500 स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने का संकल्प
नई दिल्ली, 3 सितंबर। दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर योगेश वर्मा एडवोकेट पर भरोसा जताया। गुरुवार को हुए चुनाव में योगेश वर्मा अध्यक्ष और अमित खड़खड़ी उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों पदों पर आम आदमी पार्टी की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश वर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर दोबारा विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि निगम के लगभग 1500 प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर
योगेश वर्मा ने कहा कि निगम स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यालयों के शैक्षणिक और भौतिक स्तर में सुधार किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में कई नए और महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, ताकि निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर वातावरण और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल स्कूलों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराना है। निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे को जिम्मेदारी मानते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का संकल्प उन्होंने व्यक्त किया।
खड़खड़ी बोले—मिलकर सुधारेंगे शिक्षा व्यवस्था
उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए अमित खड़खड़ी ने भी पार्टी नेतृत्व और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अध्यक्ष योगेश वर्मा के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
योगेश वर्मा ने अपने निर्विरोध निर्वाचन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, शिक्षा समिति के सदस्यों और शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से निगम की शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
