MCD ACTION MODE: कूड़े पर खिरवार की ‘सफाई वार’

दक्षिणी दिल्ली में आयुक्त का ताबड़तोड़ निरीक्षण—कचरा उठान में ढिलाई नहीं, अतिक्रमण पर सख्ती और जलभराव रोकने के निर्देश

नई दिल्ली, 4 सितंबर। दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अब निगम ने एक्शन मोड तेज कर दिया है। दिल्ली नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने शुक्रवार को दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों का ताबड़तोड़ निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की जमीनी स्थिति परखी। पुष्पा विहार से शुरू हुआ निरीक्षण खानपुर, संगम विहार और देवली तक पहुंचा। आयुक्त ने अधिकारियों और कन्सेशनरों को दो टूक निर्देश दिए कि कूड़ा संग्रहण केंद्रों की निगरानी, नियमित कचरा उठान और वाहनों के रखरखाव में लापरवाही नहीं चलेगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक चंदन कुमार चौधरी, पार्षद ममता यादव, दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कूड़ा दिखा तो जिम्मेदारी भी तय होगी!

पुष्पा विहार स्थित स्वच्छता वाहन स्थल पर आयुक्त ने टिपरों और अन्य स्वच्छता वाहनों के संचालन तथा निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। कन्सेशनर को वाहनों के उचित रखरखाव और कचरा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धूल नियंत्रण के उपायों को नियमित रखने और कचरा संग्रहण केंद्रों से समय पर कूड़ा हटाने पर विशेष जोर दिया गया।

खानपुर में कचरा स्थलों पर ‘निगरानी मोड’

खानपुर में एफसीटीएस, पीपल चौक, एमबी रोड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कूड़ा उठान व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ एमबी रोड और मेट्रो के आसपास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

संगम विहार FCTS पर पुराने कचरे को लेकर सख्ती

संगम विहार में नव निर्मित फिक्स्ड कॉम्पेक्टर ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कूड़ा फेंकने वाले स्थानों और सीएंडडी मलबे पर निगरानी बढ़ाने को कहा। स्थानीय लोगों को जागरूक करने के साथ स्टेशन के पीछे पड़े पुराने कचरे की सफाई को जरूरी बताया गया।

अफसर AC कमरों में नहीं, फील्ड में दिखें

आयुक्त संजीव खिरवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे फील्ड में तैनात रहें और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने को कहा गया।

प्रस्तावित निगरानी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।

देवली में भी पहुंची निगम की नजर

निरीक्षण अभियान के दौरान देवली क्षेत्र में वार्ड के कचरा संग्रहण केंद्रों की भी जांच की गई। आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को लगातार निगरानी में रखने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।आयुक्त का संदेश साफ है—सड़क से लेकर कचरा केंद्र तक सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिली तो फील्ड स्तर पर जवाबदेही तय करनी होगी।