निगम स्कूलों में अब पढ़ाई में अभिभावकों की भी होगी सीधी भागीदारी
‘प्रतिभागिता’ पहल से घर तक पहुंचेगा सीखने का कंटेंट, माता-पिता को मिलेंगे स्कूल गतिविधियों और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े नियमित संदेश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के साथ अब अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ‘प्रतिभागिता (Pratibhagita)’ नाम से नई पहल शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इस पहल का उद्देश्य स्कूल और घर के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा माता-पिता को बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भागीदार बनाना है।
इस पहल के तहत अभिभावकों को तकनीक के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री, जरूरी सूचनाएं और नियमित संदेश भेजे जाएंगे। इससे माता-पिता घर पर बच्चों के सीखने में सहयोग कर सकेंगे और उन्हें स्कूल की गतिविधियों एवं विभागीय पहलों की जानकारी भी समय पर मिलती रहेगी।
प्री-प्राइमरी बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियां
‘प्रतिभागिता’ के तहत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों के अभिभावकों को घर पर कराई जा सकने वाली खेल आधारित बुनियादी सीखने की गतिविधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही ऑडियो-विजुअल सामग्री के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के साथ सीखने की गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसका उद्देश्य बच्चों में शुरुआती स्तर पर भाषा, संख्यात्मक समझ और अन्य बुनियादी क्षमताओं को विकसित करने में घर के वातावरण का बेहतर इस्तेमाल करना है।
प्राथमिक कक्षाओं के अभिभावकों तक पहुंचेगी हर जरूरी सूचना
प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के अभिभावकों को विभाग की ओर से छात्रों से संबंधित जानकारी, एमसीडी की शैक्षणिक पहल और सामान्य घोषणाओं से जुड़े संदेश भेजे जाएंगे। इससे अभिभावक स्कूल में चल रही गतिविधियों और अपने बच्चों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से लगातार जुड़े रह सकेंगे।
रॉकेट लर्निंग के साथ एमसीडी का सहयोग
इस पहल के लिए एमसीडी शिक्षा विभाग Rocket Learning के साथ सहयोग कर रहा है। यह संस्था प्रारंभिक बाल शिक्षा और बुनियादी सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों और समुदाय की भागीदारी पर काम करती है। संस्था कम लागत वाली तकनीक आधारित और एआई-संचालित शिक्षण व्यवस्थाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में बच्चों तक पहुंच बना रही है।
एमसीडी के अनुसार, रॉकेट लर्निंग ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में भी अभिभावक सहभागिता से संबंधित कार्य किया है। अब ‘प्रतिभागिता’ के माध्यम से स्कूल और घर के बीच इस साझेदारी को व्यापक स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
स्कूल से घर तक मजबूत होगी शिक्षा की कड़ी
‘प्रतिभागिता’ पहल के प्रमुख अपेक्षित परिणामों में अभिभावकों में स्कूल की गतिविधियों और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ना, बच्चों की शिक्षा में घर पर उनकी भागीदारी बढ़ना तथा स्कूल और परिवार के बीच नियमित संवाद स्थापित होना शामिल है।
एमसीडी का मानना है कि बच्चे की बुनियादी शिक्षा केवल स्कूल की चारदीवारी तक सीमित नहीं रह सकती। यदि शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं तो उनके शैक्षणिक परिणामों में बेहतर सुधार लाया जा सकता है। इसी सोच के साथ ‘प्रतिभागिता’ को स्कूल-होम पार्टनरशिप मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
