मणिपुरी गायक हत्याकांड पर हर्ष मल्होत्रा का विपक्ष को करारा जवाब

बोले—भयावह हत्या को नस्लीय रंग देकर गंदी राजनीति न करे विपक्ष, सभी आरोपी गिरफ्तार; फास्ट ट्रैक/विशेष अदालत में सुनवाई की सिफारिश करेगी दिल्ली सरकार

नई दिल्ली, 8 सितंबर। पूर्वी दिल्ली के सांसद, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मणिपुरी गायक चोंगथम विक्रम सिंह के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

मल्होत्रा ने कहा कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की है और दिल्ली पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जल्द से जल्द अदालत में आरोपपत्र दाखिल करेगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि मणिपुरी गायक की हत्या निस्संदेह भयावह और गंभीर घटना है, लेकिन इसका कोई नस्लीय कोण नहीं है। विपक्षी दलों को इस घटना पर गंदी राजनीति करने और इसे नस्लीय रंग देने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए इसे यथासंभव विशेष अदालत में चलाने की सिफारिश करेगी। सरकार का प्रयास रहेगा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिले और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिले।