हिंदू राव अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था का मेयर प्रवेश वाही ने लिया जायजा
मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मेयर प्रवेश वाही ने गुरुवार को निगम के हिंदू राव अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वच्छता व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

मेयर प्रवेश वाही ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त पंकज अग्रवाल तथा हिंदू राव अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) डॉ. सुमन मेंदिरत्ता भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने मेयर को अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। अस्पतालों में मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे।
