स्थायी समिति में जनहित के मुद्दों पर सख्त निर्देश, जोन स्तर पर ही समस्याओं के समाधान के आदेश
सफाई कर्मचारियों की वास्तविक संख्या की सूची बनेगी, जर्जर इमारतों का होगा सर्वे; अवैध प्ले स्कूल, अतिक्रमण, बेसहारा पशु और पार्कों से जुड़े मुद्दे भी उठे
नई दिल्ली, 24 सितंबर।दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में गुरुवार को सफाई व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पक्ष और विपक्ष के पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर दिया गया। स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सफाई कर्मचारियों की कमी, अवैध प्ले स्कूल, सड़कों पर अतिक्रमण, बेसहारा पशुओं, पार्कों के रखरखाव और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए।
जोन स्तर पर ही निपटें पार्षदों के मामले
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सभी जोन के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि पार्षदों द्वारा अपने क्षेत्रों से संबंधित उठाए जाने वाले मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर जोन स्तर पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए मामलों को स्थायी समिति तक लाने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्षदों द्वारा उठाए गए मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और कार्रवाई की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जोन स्तर पर उठाए गए जनहित के मामले अनावश्यक रूप से लंबित रहते हैं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जर्जर इमारतों का होगा सर्वे
नागरिक सुरक्षा को लेकर सभी जोन के उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर एवं असुरक्षित इमारतों का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। ऐसी इमारतों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

हर जोन में सफाई कर्मचारियों की पूरी सूची
सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक जोन में कार्यरत नियमित और अस्थायी/अनुबंधित सफाई कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में उपलब्ध कर्मचारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।अधिकारियों को कर्मचारियों की उपलब्धता के अनुरूप प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
पुरानी पार्किंग बंद होने पर वैकल्पिक व्यवस्था पर जोर
बैठक में एक पार्षद ने अपने क्षेत्र में लंबे समय से संचालित पुरानी पार्किंग को बंद किए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर कहा गया कि पार्किंग से जुड़े निर्णय लेते समय स्थानीय यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधा और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखा जाए।यदि किसी पार्किंग को बंद करना आवश्यक हो तो वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था पर भी विचार किया जाए, ताकि इसका असर यातायात व्यवस्था पर न पड़े। इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया और निविदा संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
“स्थायी समिति का उद्देश्य कार्रवाई सुनिश्चित करना”
सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति का उद्देश्य केवल प्रस्ताव पारित करना नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में उठाए गए विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और संबंधित विभागों की कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, अतिक्रमण, पार्कों और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विषय सीधे दिल्लीवासियों के दैनिक जीवन को प्रभावित करते हैं। इन मामलों में निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
